Monday, 19 August 2013

परमात्मा ही है परम सत्य


परमात्मा ही है परम सत्य

धार्मिक आजादी का सभी धर्मों में दुरुपयोग हुआ है। इसका यह मतलब नहीं की लोगों की आजादी छीन ली जाए। धार्मिक आजादी के चलते जहां संतों ने धर्म की मनमानी व्याख्याएं की और उसका अपने हित में उपयोग किया, वहीं बहुत से संतों ने अपना एक अलग ही पंथ गढ़ लिया है।

धार्मिक आजादी के चलते जहां ज्योतिषियों ने ज्योतिष विद्या को धर्म और देवी-देवताओं से जोड़कर उसका सत्यानाश कर दिया, वहीं उन्होंने लोगों को ठगने के लिए कई तरह की मनमानी पूजा, आरती, हवन, उपाय, नग, नगीने और अनुष्ठान विकसित कर लिए।
वैदिक काल से चली आ रही इस धार्मिक आजादी के चलते हिंदू धर्म पहले वेदों के मार्ग से भटककर पुराणिक धर्म बना और आज इसे क्या नाम दें यह आप ही तय करें।
दुविधा में हिंदू समाज : आज का हिंदू ज्योतिष, बाबा, पंडित, धर्मगुरु और संतों की मनमानी के चलते अक्सर दुविधा में रहता है। जिसे बचपन से मानते थे, ज्योतिषियों ने उसकी पूजा छुड़ाकर शनि-राहू, पितृ दोष, कालसर्प दोष के चक्कर में उलझा दिया। आखिर हिंदू क्या करें- निराकार परमेश्वर को माने, देवी-देवताओं को माने या ज्योतिष और बाबाओं के चक्कर काटता रहे।
टीवी पर ज्योतिषियों द्वारा फैलाया जा रहा भय और भ्रम। मनमाने यंत्र, मंत्र, तंत्र और ताबीज। ढेर सारे बाबाओं के विरोधाभासी प्रवचन और नए-नए जन्में धार्मिक संगठन, जिन्होंने हिंदू धर्म की मनमानी व्याख्याएं की। यह सब हिंदू धर्म को बिगाड़ने के अपराधी नहीं है तो क्या है? इन सबके कारण आज ज्यादातर हिंदू स्वयं को दुख, द्वंद्व और दुविधा के चक्र में फंसा हुआ महसूस करता है।
इसके नुकसान : दुविधा के कारण आपका का आत्मविश्वास खो जाएगा। आप हर समय डरे-डरे से रहेंगे और दिमाग में द्वंद्व पैदा हो जाएगा। दिमागी द्वंद्व से विरोधाभास और भ्रम उत्पन्न होगा। भ्रम और द्वंद्व से नकारात्मक विचार उत्पन्न होंगे। नकारात्मक विचारों की अधिकता के कारण जीवन में कुछ भी अच्‍छा घटित होना बंद हो जाएगा।
यदि आप ज्योतिष सहित सभी को दावे के साथ मानते हैं तो आप बहुत ज्यादा तर्क-वितर्क करने वाले तथाकथित ज्ञानी बनकर समाज में और भय व भ्रम फैलाएंगे। इससे आपके भीतर बुराइयों का जन्म होगा। आप धर्म के संबंध में मनघडंत बातें करेंगे। आप स्वयं के भीतर झांककर देखें और स्वयं से पूछें कि क्या यह सच है, जो मैं जानता या कहता हूं? आप यह क्यों नहीं मानते हैं कि ईश्वर की तारीफ से बढ़कर आपके पास कुछ भी कहने के लिए नहीं है।
दुविधा और दिमागी द्वंद्व में फंसे हुए लोगों के बारे में ही संत कबीर ने कहा है- दुविधा में दोऊ गए, माया मिली न राम। तब जानें कि पूजा से बढ़कर है प्रार्थना। ग्रहों से बढ़कर है परमात्मा। परमात्मा ही है सबका मालिक।
वेदों के अनुसार ब्रह्म (ईश्‍वर) ही सत्य है। परमेश्वर से इस ब्रह्मांड की रचना हुई। इस ब्रह्मांड में सकारात्मक और नकारात्मक शक्तियां रहती हैं। वैदिक ऋषि उस परमेश्वर सहित सकारात्मक शक्तियों की प्रार्थना गाते थे और उनसे ही सब कुछ मांगते थे। उनकी प्रार्थना की शुरुआत ही इस धन्यवाद से होती थी कि आपने हमें अब तक जो दिया है उसके लिए धन्यवाद। मांग से महत्वपूर्ण है- धन्यवाद।

वैदिक काल में लोग सिर्फ एक परमेश्वर की ही प्रार्थना करते थे। इसके अलावा समय-समय पर वे प्राकृतिक शक्तियों में पंचत्व (धरती, अग्नि, जल, वायु, आकाश), उमा, उषा, पूषा,पर्जन्य, रुद्र, आदित्य आदि की स्तुति करते थे।

बाद में धीरे-धीरे लोग ब्रह्मा, विष्णु और शिव की प्रार्थना करने लगे। राम के दौर तक लोग वेद से जुड़े थे। कृष्ण के दौर में पुराणों की रचना हुई और उसके बाद वेदों के परमेश्वर और प्राकृतिक शक्तियों को छोड़कर लोग राम, कृष्ण के साथ ही दुर्गा, दत्तात्रेय, गणेश, कार्तिकेय, भैरव, बजरंग आदि की प्रार्थना करने लगे।
बुद्ध के काल में प्रार्थना और स्तुति ने पूर्णत: पूजा और आरती का रूप ले लिया और राम, कृष्ण, विष्णु, बुद्ध, शिव और दुर्गा के मंदिर प्रमुखता से बनने लगे। मुस्लिम शासन और अंग्रेज काल में हिंदू धर्म की बहुत हानी हुई और लोगों में ज्यादा भ्रम फैलने लगा। जनता मुस्लिम और ईसाई धर्म अपनाने लगी।
लोगों में अपने धर्म, संकृति, इतिहास और समाज को लेकर भ्रम, विरोधाभाष और गलत जानकारियां फैलाइ जाने लगी। लोग भय, चिंता और भ्रम में जीने लगे। इस दौर में कई संत हुए जिन्होंने लोगों को इस भ्रम और भय से निकालने का प्रयास किया। आजकल लोग शनि, बजरंगबली, साई, शिव और दुर्गा के साथ ही तरह-तरह के नए बाबाओं और देवी देवताओं को ज्यादा पूजने लगे हैं।
कुछ लोगों को निराकार परमेश्वर की भक्ति करने में अड़चन होती है, इसलिए वे देवी और देवताओं को ज्यादा मानते हैं और मूर्ति पूजा में विश्‍वास रखते हैं। उनके लिए यही है कि वे किसी एक को साधे। देवी और देवताओं के रूप में जो सकारात्मक शक्तियां हैं उसमें से किसी एक पर कायम रहने से शक्तियां सक्रिय हो जाती हैं। लेकिन जो व्यक्ति समय अनुसार, ज्योतिष की सलाह पर या गुरुओं के चक्कर में अपने देवता बदलते रहते हैं एक दिन सभी देवता उसका साथ छोड़ कर चले जाते हैं।
कुछ लोग भगवानों या देवी-देवताओं में भी बड़े और छोटे का फर्क कर छांटते हैं। अर्थात जो सबसे शक्तिशाली होगा हम उसे ही पूजेंगे। ऐसे मूढ़जन वह लोग हैं जिन्होंने वेद, ‍उपनिषद्, गीता या महाभारत नहीं पढ़ी। जो व्यक्ति ब्रह्म की ओर कदम बढ़ाकर ब्रह्म में लीन हो जाता है वह ब्रह्म स्वरूप हो जाता है। सभी देवी-देवता और भगवान ब्रह्म स्वरूप हैं।
सागर से निकलने वाली नदियां बहुत सारे नाम की होती है, लेकिन सभी सागर में मिलकर-खोकर सागर ही हो जाती है।
बचपन से जिसे मानते हैं, बस उसे ही मानते-पूजते रहें या जिसके प्रति दिल्लगी हो जाए- बस उसी को अपना जीवन समर्पित कर दें। एक साधे सब सधे और सब साधे तो कोई नहीं सधे। इसके लिए एक कहानी है-
भगवान कृष्ण अपनी पत्नी रुक्मणी के साथ भोजन कर रहे थे, तभी अचानक उठकर वह दौड़े और द्वार तक पहुंचे भी नहीं थे कि रूक कर वापस लौट आए और पुन: भोजन करने लगे। यह देख रुक्मणी ने पूछा- प्रभु आप अचानक उठकर दौड़े और द्वार तक पहुंचकर पुन: तुरंत ही लौट आए आखिर इसका कारण क्या है।
श्रीकृष्ण ने कहा- प्रिये! एक मानव मुझे पुकार रहा था, तो मैं उसकी मदद के लिए दौड़ा, लेकिन उसने जरा भी सब्र नहीं रखा और वह किसी और को पुकारने लगा। उसे शायद मुझ पर विश्वास नहीं है, इसलिए तुम्हीं बताओ मैं क्या कर सकता हूं। उसमें थोड़ी तो श्रद्धा और सबूरी होनी चाहिए थी।
आखिर सत्य क्या है- ईश्वर ही सत्य है, सत्य ही शिव है और शिव ही सुंदर है। सत्यम् शिवम सुंदरम। अब इसका अर्थ भी समझ लें...परमेश्वर ही सत्य है। शिव का अर्थ शुभ होता है और सुंदरम प्रकृति को कहते हैं।

जो व्यक्ति परमेश्वर पर विश्वास करता है वही सत्य बोलने की ताकत रखता है और जो सत्य बोलता है उसके जीवन में ‍शिव अर्थात शुभ होने लगता है। शुभ का अर्थ सब कुछ अच्छा होने लगता है और जब सब कुछ अच्‍छा होने लगता है तो जीवन एक सुंदर सफर बन जाता है।
-सत्यम् शिवम सुंदरम्

No comments:

Post a Comment